Showing posts with label Shaheed Bhagat Singh. Show all posts
Showing posts with label Shaheed Bhagat Singh. Show all posts

Saturday, July 12, 2008

भगत सिंह पर डॉक्‍यूमेंट्री फिल्‍म (A documentary film on Bhagat Singh)

एक ख़ुशख़बरी है। भगत सिंह पर एक डॉक्‍यूमेंट्री फिल्‍म बनी है। इसका नाम इन्‍क़लाब है। नेहरू स्‍मारक संग्रहालय और पुस्‍तकालय के सौजन्‍य से बनी फिल्‍म को बनाया है गौहर रज़ा ने। यह फिल्‍म इतवार, शाम पाँच बजे दिल्‍ली में रिलीज होगी। भगत सिंह की जन्‍मशताब्‍दी के मौके पर बनी इस फिल्‍म का बेसब्री से इंतज़ार है। (इस मौके पर छपे निमंत्रण पत्र को पढ़ने के लिए चित्र पर डबल क्लिक करें।)

Sunday, March 23, 2008

तब लोगों को मेरी याद आएगी

आज भगत सिंह-सुखदेव-राजगुरु ( Bhagat Singh - Sukhdev- Rajguru) की शहादत का दिन है। हालाँकि किसी को पुण्यतिथि या जन्‍मदिन पर याद करना, औपचारिकता ही लगती है। इसके बावजूद यह औपचारिकता कई बार जरूरी है। खासतौर पर उस वक्‍त जब हम देशभक्ति की बातें तो बड़ी-बड़ी करें पर देश में रहने वाले लोगों के बारे में ज़रा भी न सोचें। इसी बात को याद दिलाने के लिए भगत सिंह (Bhagat Singh) की रचनाओं में से चुनी गई कुछ लाइनें यहाँ पेश है।

भगत सिंह (Bhagat Singh) के चंद विचार
Inquilab Jindabaad

''चारों ओर काफी समझदार लोग नज़र आते हैं लेकिन हरेक को अपनी जिंदगी खुशहाली से बिताने की फिक्र है। तब हम अपने हालात, देश के हालात सुधरने की क्‍या उम्‍मीद कर रहे हैं।''

(1928)

'' वे लोग जो महल बनाते हैं और झोंपडि़यों में रहते हैं, वे लोग जो सुंदर-सुंदर आरामदायक चीज़ें बनाते हैं, खुद पुरानी और गंदी चटाइयों पर सोते हैं। ऐसी स्थिति में क्‍या करना चाहिए? ऐसी स्थितियाँ यदि भूतकाल में रही हैं तो भविष्‍य में क्‍यों नहीं बदलाव आना चाहिए? अगर हम चाहते हैं कि देश की जनता की हालत आज से अच्‍छी हो, तो यह स्थितियाँ बदलनी होंगी। हमें परिवर्तनकारी होना होगा।''

(अगस्‍त 1928)

'' हमारा देश बहुत अध्‍यात्मिक है लेकिन हम मनुष्‍य को मनुष्‍य का दर्जा देते हुए भी हिचकते हैं।''

'' उठो, अछूत कहलाने वाले असली जन सेवकों तथा भाइयों उठो... तुम ही तो देश का मुख्‍य आधार हो, वास्‍तविक शक्ति हो... सोए हुए शेरों। उठो, और बग़ावत खड़ी कर दो।''

(अछूत समस्‍या 1928)

'' संसार के सभी गरीबों के, चाहे वे किसी भी जाति, रंग, धर्म या राष्‍ट्र के हों, हक एक ही हैं।''

'' धर्म व्‍यक्ति का निजी मामला है, इसमें दूसरे का कोई दखल नहीं, न ही इसे राजनीति में घुसना चाहिए।''

(1927)

''जब गतिरोध की स्थिति लोगों को अपने शिकंजे में जकड़ लेती है, तो किसी भी प्रकार की तब्‍दीली से लोग हिचकिचाते हैं। इस जड़ता और घोर निष्क्रियता को तोड़ने के लिए एक क्रांतिकारी स्पिरिट पैदा करने की जरूरत होती है, अन्‍यथा पतन और बर्बादी का वातावरण छा जाता है।''

''अंग्रेजों की जड़ें हिल गई हैं और 15 साल बाद में वे यहाँ से चले जाएँगे। बाद में काफी अफरा-तफरी होगी तब लोगों को मेरी याद आएगी।''

(12 मार्च 1931)

''मैं पुरजोर कहता हूँ कि मैं आशाओं और आकांक्षाओं से भरपूर जीवन की समस्‍त रंग‍ीनियों से ओतप्रोत हूँ। लेकिन वक्‍त आने पर मैं सबकुछ कुरबान कर दूँगा। सही अर्थों में यही बलिदान है।''

(सुखदेव के नाम पत्र, 13 अप्रैल 1929)

जहाँ तक प्‍यार के नैतिक स्‍तर का सम्‍बंध है... '' मैं कह सकता हूँ कि नौजवान युवक-युवतियाँ आपस में प्‍यार कर सकते हैं और वे अपने प्‍यार के सहारे अपने आवेगों से ऊपर उठ सकते हैं।''

(सुखदेव को पत्र , 1928)

(इंकलाब-जिंदाबाद पोस्‍टर परिकल्‍पना व डिजायन- न‍ासिरूद्दीन)

Friday, September 28, 2007

घोड़ी भगत सिंह शहीद

आज भगत सिंह की सा‍लगिरह है। जिंदा रहते तो आज, भगत सिंह सौ साल के होते। लेकिन शहीद भगत सिंह विचार के रूप में एक मज़बूत विरासत हमारे लिये छोड़ गये। कल हमने इरफान हबीब का विचार पढ़ा था... आज लोकमानस में रचे बसे भगत सिंह के बारे में पढि़ये-

चमन लाल

... डॉ गुरुदेव सिंह सिद्धू के सम्पादन में 'सिंघ गरजना' शीर्षक से भगत सिंह से सम्बंधित पंजाबी कविताओं का एक संकलन पंजाबी विश्वविद्यालय ने 1992 में प्रकाशित किया था और अभी 2006 में इन्हीं के सम्पादन में पंजाबी में 'घोडि़या शहीद भगत सिंह' संकलन छपा है। ...
'घोड़ी' पंजाबी भाषा का लोकगीत रूप है, जिसमें दूल्हा बारात जाने और दुल्‍हन लाने के लिए चलते समय घोड़ी पर चढ़ता है और उसके पीछे 'सरवाला', जो अक्‍सर उसका छोटा भाई होता है, वह बैठता है। भगत सिंह के संदर्भ में 'घोड़ी' लोकगीत रचने वाले लोक कवियों ने 'मौत' को भगत सिंह की दुल्हन के रूप में चित्रित करते हुए भगत सिंह को चाव से अपनी दुल्हन को प्राप्त करने का बिम्ब सृजित किया है। 'मौत' यानी 'फांसी' पर चढ़ते जाते वक्‍त भगत सिंह का दूल्हे की तरह घोड़ी पर चढ़कर जाना लोकमानस का ऐसा बिम्ब है, जिसने भगत सिंह को सदियों तक के लिए लोकमानस में ऐसे प्रतिष्ठित कर दिया है कि उसका हाल में उभरकर आया वैचारिक पक्ष उसे और सुदृढ़ तो कर सकता है, लेकिन उस बिम्ब को बदल नहीं बदल सकता।

पंजाबी (गुरमुखी व फ़ारसी- दोनों लिपियों में) 1931 के आसपास मिलते-जुलते शब्दों वाली भी कई घोडि़यां छपीं। शायर मेला राम 'तायर' व महिन्दर सिंह सेठी अमृतसरी की 'घोडि़यों' के कई हिस्से मिलते-जुलते हैं। शायर तायर ने 23 मार्च 1932 को लाहौर में भगत सिंह की शहादत के एक बरस बाद यहां प्रस्तुत 'घोड़ी' को तांगे पर चढ़कर बाज़ार में गाया। इस घोड़ी सम्बंधी, हिन्दी-पंजाबी लेखक गौतम सचदेव ने 'हुण' (जनवरी-अप्रैल 2007) अंक में दिलचस्प किस्सा बयान किया है। गौतम सचदेव के अनुसार उसके ससुर राम लुभाया चानणा स्वतंत्रता सेनानी थे और 1998 में संयोग से गौतम की भेंट इस घोड़ी के शायर तायर से हो गयी, जो उस समय सौ बरस के हो चुके थे, लेकिन उस उम्र में भी उन्हें घोड़ी पूरी तरह याद थी और गौतम ने टेपरिकार्डर में तायर की यादें और घोड़ी उन्हीं के स्वर में रिकार्ड की। इसी घोड़ी को 'लीजेंड ऑफ भगत सिंह' फि़ल्म में भी गीत के रूप में इस्तेमाल किया गया।
भगत सिंह शताब्दी वर्ष... में इस घोड़ी का देवनागरी में लिप्यन्तरण व हिन्दी में भावार्थ प्रस्‍तुत किया जा रहा है।

घोड़ी भगत सिंह शहीद

आवो नी भैणों रल गावीए घोडि़यां
जँआं ते होई ए तियार वे हां
मौत कुडि़ नूं परनावण चल्लिया
देशभगत सरदार वे हां।

(आओ बहनो मिलकर घोडि़यां गाएं
बारात तो चलने को तैयार है।
मौत दुल्‍हन को ब्‍याहने के लिए
देशभक्‍त सरदार चला है।)

फाँसी दे तखते वाला खारा बाणा के,
बैठा तूं चौकड़ी मार वे हां
हंझूआं दे पाणी भर नाहवो गड़ोली
लहूँ दी रत्ती मोहली धार वे हाँ।

(फाँसी के तख्ते को पटरी बनाकर
तुम चौकड़ी मारकर बैठे हो।
लोटे में आंसुओं के जल को भरकर नहाओ (1)
लहू की लाल मोटी धार बनी है।)

फाँसी दी टोपी वाला मुकुट बणा के,
सिहरा तूँ बद्धा झालरदार वे हाँ।
जंडी ते वड्ढी लाडे जोर जुलम दी
सबर दी मार तलवार वे हाँ।

(फाँसी की टोपी वाला मुकुट बनाकर
तुमने झालरों वाला सेहरा पहना है
जोर जुलम की जंडी(2) को तुमने
सब्र की तलवार से काट दिया है।)

राजगुरु ते सुखदेव सरबाले
चढि़या ते तूँ ही विचकार वे हाँ
वाग फडाई तैथों भैणा ने लैणी
भैणा दा रखिया उधार वे हाँ।

(राजगुरु व सुखदेव तुम्‍हारे सरबाले बने हैं।
और तुम उनके बीच में चढ़कर बैठे हो।
घोड़ी की लगाम पकड़ाने का शगुन तुमने बहनों से उधार रखा है।)

हरी किशन तेरा बणिया वे सांढ़ू,
ढुक्के ते तुसीं इको बार वे हाँ
पैंती करोड़ तेरे जांइ वे लाडिया
कई पैदल ते कई सवार वे हाँ।

(हरिकिशन (3) तुम्‍हारा साढ़ू भाई बना है
तुम दोनों एक ही द्वार पर पहुँचे हो
ओ दूल्हे, तुम्‍हारे पैंतीस करोड़ (4) बाराती हैं
कुछ पैदल व कुछ सवारियों पर हैं।)


कालीआँ पुशाकाँ पाके जँआं जु तुर पईं,
ताइर वी होइया ए तिआर वे हाँ।

(काली पोशाकें पहनकर बारात जब
चल पड़ी तो तायर भी तैयार हो गया है।)

नोट-
1. घोड़ी पर चढ़ने से पहले दूल्हे को नहलाया जाता है।
2. दूल्हा घोड़ी पर चढ़कर गांव के बाहर जंड के वृक्ष को तलवार से काटता है, यह भी इस रीति का हिस्सा है।
3. हरिकिशन को पंजाब विश्वविद्यालय, लाहौर में गर्वनर पर गोली चलाने के कारण 1 मई 1931 को फाँसी दी गयी थी।
4. पैंतीस करोड़ उन दिनों अविभाजित भारत की आबादी थी। शायर तायर ने 1998 में इसे दोबारा गाते समय अस्सी करोड़ कर दिया था।

(जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर चमन लाल, भगत सिंह के विशेषज्ञ हैं। चमन लाल का यह लेख 'साहित्य में भगत सिंह' शीर्षक से नया ज्ञानदोय के अंक 49, मार्च 2007 में छपा है। यहां प्रस्तुत हिस्सा उसी लेख का है। नया ज्ञानोदय से साभार के साथ यह लेख शहीद-ए-आज़म के पाठकों के लिए प्रस्तुत किया गया।)

Monday, September 03, 2007

लाहौर में भगत सिंह का स्मारक

चलिये देर से ही सही, लोगों को लगा तो कि भगत सिंह की शहादत हिन्‍दुस्‍तान-पाकिस्‍तान की साझी विरासत है। वरना भगत सिंह की जन्‍म शताब्‍दी का साल गुज़रा जा रहा था, लेकिन भगत सिंह जहां पैदा हुए और भगत सिंह के विचार जहां परवान चढ़े, वहां की सुध किसी को नहीं थी। जी हां, मैं सैंतालिस के पहले के हिन्‍दुस्‍तान और आज के हिन्‍दुस्‍तान-पाकिस्‍तान की बात कर रहा हूँ। भगत सिंह फैसलाबाद में पैदा हुए थे, वैचारिक परवरिश लाहौर में पाई और शहादत भी इसी माटी पर दी। ये सब जगह अब पाकिस्‍तान में है। भगत सिंह की शहादत को याद करने का इससे अच्‍छा तरीका और क्‍या हो सकता है कि भारत-पाक मिलकर उनकी जत्‍म शताब्‍दी मनायें। सरकारी तौर पर तो अभी यह मुमकिन नहीं लगता पर दोनों मुल्‍कों के लोग ज़रूर कुछ करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस बीच, पाकिस्‍तान के अखबार 'डेली टाइम्‍स' ने एक अच्‍छी खबर दी है। लाहौर में दियाल सिंह रिसर्च एंड कल्‍चरल फोरम ने भगत सिंह पर एक सेमिनार का आयोजन किया। इस आयोजन में भारत के प्रतिनिधि भी शामिल थे। सेमिनार में पाकिस्‍तानी पंजाब के गर्वनर सेवानिवृत्‍त लेफ्टीनेंट जनरल खालिद रशीद ने वादा किया कि भगत सिंह की याद में एक स्‍मारक बनाया जायेगा। यह भी तय हुआ कि रिसर्च के बाद भगत सिंह से जुड़ी चीज़ों की नुमाइश लाहौर संग्रहालय में लगायी जायेगी। खालिद ने भगत सिंह के कामों की तारीफ की और उनकी कुर्बानी को नौजवानों के लिए प्रेरणा देने वाला बताया। इस मौके पर दियाल सिंह रिसर्च एंड कल्‍चरल फोरम के निदेशक जाफर चीमा ने जानकारी दी कि भगत सिंह को शहीद का खिताब मौलाना जाफर अली खान ने दिया था।

इस सेमिनार की पूरी ख़बर डेली टाइम्‍स पर पढने के लिए नीचे दिये गये लिंक पर क्लिक करें-
Memorial will be built to Bhagat Singh, says governor

Tuesday, July 10, 2007

पाश: शहीद भगत सिंह

अवतार सिंह संधु 'पाश' पंजाबी के प्रख्‍यात शायर हैं। वे वामपंथी आंदोलन में सक्रिय रहे।  आजाद मुल्‍क़ के लिए जैसे समाज का ख्‍़वाब भगत‍ सिंह देख रहे थे, पाश वैसे ही समाज बनाने की जद्दोजहद में लगे थे। पंजाब में जिस दौरान अलगाववादी आंदोलन चरम पर था, पाश ने इसका खुलकर विरोध किया। ज़ाहिर है, वे इसके ख़तरे से अच्‍छी तरह वाकि़फ़ भी थे। ... पाश भी उसी दिन शहीद हो गये जिस दिन भगत सिंह शहीद हुए थे... सिर्फ सन् अलग- अलग थे। पाश महज़ 38 साल की उम्र में 23 मार्च 1988 को शहीद हो गये थे। भगत‍ सिंह पर लिखी गयी उनकी कविता यहॉं पेश है-

 

शहीद भगत सिंह

 

पहला चिंतक था पंजाब का

सामाजिक संरचना पर जिसने

वैज्ञानिक नज़रिये से विचार किया था

 

पहला बौद्धि‍क

जिसने सामाजिक विषमताओं की, पीड़ा की

जड़ों तक पहचान की थी

 

पहला देशभक्‍त

जिसके मन में

समाज सुधार का

ए‍क निश्चित दृष्टिकोण था

 

पहला महान पंजाबी था वह

जिसने भावनाओं व बुद्धि‍ के सामंजस्‍य के लिए

धुँधली मान्‍यताओं का आसरा नहीं लिया था

ऐसा पहला पंजाबी

जो देशभक्ति के प्रदर्शनकारी प्रपंच से

मुक्‍त हो सका

पंजाब की विचारधारा को उसकी देन

सांडर्स की हत्‍या

असेम्‍बली में बम फेंकने और

फॉंसी के फंदे पर लटक जाने से कहीं अधिक है

भगत सिंह ने पहली बार

पंजाब को

जंगलीपन, पहलवानी व जहालत से

ब‍ुद्धि‍वाद की ओर मोड़ा था

जिस दिन फांसी दी गयी

उसकी कोठरी में

लेनिन की किताब मिली

जिसका एक पन्‍ना मोड़ा गया था

पंजाब की जवानी को

उसके आखिरी दिन से

इस मुड़े पन्‍ने से बढ़ना है आगे

चलना है आगे

(पंजाबी से अनुवाद: मनोज शर्मा, साभार: उद्भावना)

Monday, June 25, 2007

वह शहीद नहीं था

("वह शहीद नहीं था" कविता पंजाबी के कवि सुरजीत पातर की है। भगत सिंह (Bhagat Singh)की याद से जुड़ी यह कविता हिन्दी में उद्भावना में प्रकाशित हुई है। शहीदे आजम SHAEED E AZAM के पाठकों के लिए हम इसे यहां साभार पेश कर रहे हैं।)

उसने कब कहा

शहीद हूं मैं

फांसी का रस्सा चूमने से कुछ रोज पहले

उसने तो केवल यही कहा था

कि मुझसे बढ़ कौन होगा खुशकिस्मत ...

मुझे नाज़ है अपने आप पर

अब तो बेहद बेताबी से

अंतिम परीक्षा की है प्रतिक्षा मुझे

कब कहा था उसने : मैं शहीद हूं


शहीद तो उसे धरती ने कहा था

सतलुज की गवाही पर

शहीद तो, पांचों दरिया ने कहा था

गंगा ने कहा था

ब्रह्मपुत्र ने कहा था

शहीद तो उसे वृक्षों के पत्ते-पत्ते ने कहा था


आप जो अब धरती से युद्धरत हो

आप जो नदियों से युद्धरत हो

आप जो वृक्षों के पत्तों तक से युद्धरत हो


आपके लिये बस दुआ ही मांग सकता हूं मैं

कि बचाये आपको

रब्ब

धरती के शाप से

नदियों की बद्दुआ से

वृक्षों की चित्कार से।

(पंजाबी से अनुवाद- मनोज शर्मा)

Tuesday, May 01, 2007

क्या हम भगत सिंह को जानते हैं?

कुँवरपाल सिंह

पूछिए तो कहते हैं कि हाँ बहुत बड़ा क्रांतिकारी बलिदानी व्यक्ति था। देश के लिए अपनी जान दे दी। हमारा प्रेरणा स्रोत है। किन्तु बहुत कम लोग जानते हैं कि भगत सिंह बीसवीं शताब्दी के राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच एक प्रमुख बुद्धिजीवी भी थे। आज उन्हें इसी रूप में याद करने की आवश्यकता है। लगभग दो साल वे जेल में रहे। इस बीच उन्होंने बहुत सी पुस्तकें पढ़ीं। इनमें यूरोप-अमरीका के विद्वान, चिंतक, बुद्धिजीवी साहित्यकारों की पुस्तकें हैं। उनका पूर्ण राजनीतिक जीवन 18 साल का रहा और कुल उम्र 25 साल। अजीब संयोग है कि रानी लक्ष्मीबाई भी 23 साल की उम्र में अँग्रेज़ों से लड़ते हुए शहीद हो गयीं। भगत सिंह के अन्य साथी यतीन्द्रनाथ ने 65 दिन तक आमरण अनशन किया-जेल सुधार तथा मानवाधिकारों के लिए। इसके बाद वह भी 23 वर्ष की आयु में शहीद हो गये। उनकी शहादत ने पूरे देश को झकझोर दिया। ब्रिटिश सरकार भी मजबूर हो गयी। क्रान्तिकारियों का यह प्रभाव भी पड़ा कि वहाँ पढ़ने लिखने की सामग्री दी जाने लगी। यह सुधार कुछ मामूली परिवर्तनों के साथ, लगभग उसी रूप में आज भी मौजूद है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि उनकी चार महत्वपूर्ण कृतियाँ- The ideal Of Socialism (समाजवाद का आदर्श), History of Revolutionary Movement in India (भारत में क्रांतिकारी आंदोलन का इतिहास), At the Door of Death (मौत के दरवाजे पर), जेल से बाहर तो आई थीं किन्तु वे कहाँ गयीं किसी को पता नहीं। उनकी जेल नोटबुक जरूर प्रकाश में आई, जो उनके भाई कुलबीर सिंह के पास थी। यह बात रूसी विद्वान एल.वी. मित्रोखिन के जरिए मालूम हुई। यह नोटबुक उन्हें 1977 में मिल गयी। 1981 में उन्होंने भगत सिंह पर एक विस्तृत शोध-निबंध लिखा था। बाद में जगमोहन सिंह तथा डॉ. चमनलाल ने भगत सिंह के दस्तावेजों को हिन्दी में प्रकाशित करवाया। फिर भगत सिंह की जेल नोटबुक को लम्बी भूमिका के साथ 'शहीदे आजम की जेल डायरी' नाम से सत्यम वर्मा ने संपादित किया तथा यह 1999 में परिकल्पना प्रकाशन, लखनऊ से प्रकाशित हुई। यह जेल नोटबुक भगत सिंह तथा क्रांतिकारी आंदोलन के बारे में हमारी ज्ञान-वृद्धि करती है। भगत सिंह लाहौर जेल में 1929 से 23 मार्च, 1931 तक, फाँसी पर चढ़ाए जाने से पूर्व नोटबुक लिखते रहे।

बीसवीं सदी के किसी भी लेखक या बुद्धिजीवी में इतनी वैचारिक प्रगति नहीं दिखती, जितनी भगत सिंह में। 1918 से उनका आंदोलनकारी सफर आरंभ हुआ। तब वे आर्य समाजी थे, फिर सुधारवादी फिर अराजकतावादी होते हुए अंत में वैज्ञानिक समाजवाद के साये में आये। आतंकवाद को वे गलत समझते थे। उनका विचार था कि बिना संगठन और पार्टी के कोई परिवर्तन संभव नहीं है, क्रांतिकारी के रूप में ये दोनों बहुत आवश्यक हैं। लेनिन उनके आदर्श थे। कहना प्रासंगिक होगा कि फाँसी का बुलावा आया तो भगत सिंह लेनिन की जीवनी पढ़ रहे थे, तब उन्होंने एक हाथ उठा कर कहा कि रुको, एक क्रांतिकारी दूसरे क्रांतिकारी से मिल रहा है। उन्होंने नौजवानों से अपील की कि ''व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ने के लिए आपको जिसकी सबसे अधिक आवश्यकता है, वह है एक पार्टी जिसके पास जिस टाइप के कार्यकर्ताओं का ऊपर जिक्र किया जा चुका है, वैसे कार्यकर्ता हों-ऐसे कार्यकर्ता जिनके दिमाग साफ हों और जिनमें समस्याओं की तीखी पकड़ हों और पहल करने और तुरन्त फैसला लेने की क्षमता हो। इससे पार्टी का अनुशासन बहुत कठोर होगा और यह जरूरी नहीं है कि वह भूमिगत पार्टी हो, बल्कि भूमिगत नहीं होनी चाहिए- पार्टी को अपने काम की शुरूआत अवाम के बीच प्रचार से करनी चाहिए। किसानों और मज़दूरों को संगठित करने और उनकी सक्रिय सहानुभूति प्राप्त करने के लिए यह बहुत जरूरी है। इस पार्टी को कम्युनिस्ट पार्टी का नाम दिया जा सकता है।'' (दो फरवरी 1931 को युवा राजनीतिक कार्यकर्ताओं के नाम अपील से) भगत सिंह ने इस देश की जनता को तीन नारे दिये- 1. इंकलाब-जिन्‍दाबाद, 2. किसान-मजदूर जिन्‍दाबाद (कम्युनिस्ट पार्टी का आज भी यही नारा है) 3. साम्राज्यवाद का नाश हो। ये तीनों नारे आज हमारी श्रमिक एवं संघर्षशील जनता के कंठहार हैं। भगत सिंह ने महत्वपूर्ण कार्य यह किया कि अपने समय के क्रांतिकारी आंदोलन को पुराने क्रांतिकारी आंदोलन की रूढ़वादी परम्परा से विमुक्त किया। पुराने क्रांतिकारी किसी न किसी देवी-देवता के उपासक थे और दृढ़ ईश्वर विश्वासी थे। वे इस सबको नियति का खेल मानते थे। भगत सिंह ने कहा कि इस प्रकार के क्रांतिकारी अंत में साधु-सन्यासी बन जाते हैं। उन्होंने धर्म को राजनीति से अलग रखने का सबसे अधिक प्रयास किया। राजनीति और धर्म के मेल में देशभक्ति की भावना मर जाती है, अपने इसी विचार को नौजवानों तक पहुँचाने के लिए भगत सिंह ने एक लेख लिखा-'मैं नास्तिक क्यों हूँ' जो आज भी बहुत चाव से पढ़ा जाता है। भगत सिंह ने यह भी कहा कि ''हमें धर्मनिरपेक्ष राजनीति की जरूरत है। हमें ऐसी राजनीति की जरूरत नहीं जो किसी भी धर्म को महत्व दे।'' भगत सिंह की यह बात बहुत सही ठहरती है क्यों कि पिछले 40 साल से धर्म की राजनीति हो रही है और दंगे कराये जा रहे हैं। आज तो इस में जाति का भी समावेश हो गया है। धर्म की राजनीति करने वाले लोग हर समस्या का हल अतीत में देखते हैं। उनके लिए हर समस्या का हल उनके धार्मिक ग्रंथों में निहित है। ऐसे दिवास्वप्न देखने वाले लोग देश का क्या भला करेंगे। भगत सिंह की रचनाओं के आधार पर उनका एक संक्षिप्त मूल्यांकन हमने किया है। यह वर्ष उनका जन्म शताब्दी वर्ष है। 'वर्तमान साहित्य' उन पर यत्किंचित सामग्री दे रहा है। भगत सिंह पर उनके साथी शिव वर्मा के संस्मरण तथा उनके द्वारा लिखी पुस्तक 'भगत सिंह की चुनी हुई रचनाएं' हिन्दी व अँग्रेज़ी दोनों में उपलब्ध हैं। इसे विशेष रूप से पढ़ने का आग्रह है। भगत सिंह ने भारत में क्रांति की संभावना पर जो विचार दिया है वह आज भी सार्थक है-''क्रान्ति परिश्रमी विचारकों और परिश्रमी कार्यकर्ताओं की पैदावार होती है। दुर्भाग्य से भारतीय क्रान्ति का बौद्धिक पक्ष हमेशा दुर्बल रहा है। इसलिए क्रान्ति की आवश्यक चीजों और किये गये काम के प्रभाव पर ध्यान नहीं दिया गया। इसलिए एक क्रान्तिकारी को अध्ययन मनन को अपनी पवित्र जिम्मेदारी बना लेना चाहिए।''

(‍डॉ. कुँवरपाल सिंह वरिष्‍ठ साहित्‍यकार हैं और इस वक्‍त 'वर्तमान साहित्‍य' का सम्‍पादन कर रहे हैं।)